मलप्पुरम, 15 जून (भाषा) मलप्पुरम जिले के पूक्कोट्टूर के सात वर्षीय बच्चे की सोमवार को शिगेला संक्रमण के कारण मौत हो गई और यह इस साल केरल में इस बीमारी से चौथी मौत है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अर्जव नाम के इस बच्चे ने कोझिकोड राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अधिकारियों के अनुसार अर्जव को बुखार और दस्त की शिकायत के बाद 12 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बाद में उसमें शिगेला संक्रमण की पुष्टि हुई।
यह इस साल राज्य में शिगेला के कारण चौथी और जून में तीसरी मौत है।
स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के आंकड़ों के अनुसार 14 जून तक केरल में शिगेला संक्रमण के 138 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें सर्वाधिक मामले कोझिकोड जिले में दर्ज हुए हैं। इसके अलावा राज्य भर में 77 संदिग्ध मामले भी सामने आए हैं।
अकेले जून में 62 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 17 संदिग्ध मामले दर्ज किए गए हैं। 14 जून को तीन नए मामले सामने आए थे।
शिगेला एक विषाणु जनित संक्रमण है, जो दस्त, बुखार और पेट में मरोड़ जैसी समस्याएं पैदा करता है। यह संक्रमण मुख्य रूप से दूषित भोजन या पानी के जरिए फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने पर भी इसके फैलने का खतरा रहता है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा