ईटानगर, नौ अप्रैल (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के. टी. परनाइक ने तवांग में गजराज कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला के साथ बैठक की और पूर्वोत्तर के राज्य में सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र बलों एवं स्थानीय समुदायों के बीच मजबूत संबंधों को बनाए रखने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने लेफ्टिनेंट जनरल शुक्ला को आश्वासन दिया कि नागरिक प्रशासन सेना द्वारा आवश्यक किसी भी प्रकार की सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर रहेगा।
बुधवार को हुई बैठक में परनाइक ने ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत सहयोगात्मक प्रयासों के महत्व पर भी प्रकाश डाला, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जीवन स्तर को सुधारने पर बात की।
लेफ्टिनेंट जनरल शुक्ला ने एक अप्रैल को गजराज कोर की कमान संभाली थी। उन्होंने उच्चतम स्तर की परिचालन तत्परता बनाए रखते हुए स्थानीय लोगों के साथ सद्भावना को बढ़ावा देने और जुड़ाव को गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
भाषा तान्या सुरभि
सुरभि