ईटानगर, 30 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की महिला इकाई ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत की ‘जेन जेड’ तथा नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर की गई कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया और उनसे सार्वजनिक तौर पर बिना शर्त माफी की मांग की।
रनौत ने मंगलवार को युवा प्रदर्शनकारियों को ‘जेनरेशन गटर’ बताया था और सवाल किया था कि ‘‘उन्हें कौन जन्म दे रहा है और कौन पाल-पोस रहा है’’।
अरुणाचल प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी (एपीएमसीसी) के कार्यकर्ताओं ने यहां राजीव गांधी भवन में आयोजित प्रदर्शन के दौरान अभिनेत्री से नेता बनीं रनौत का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन का नेतृत्व एपीएमसीसी की अध्यक्ष चुखू नाची ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रनौत ने देश की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग का समर्थन करने के बजाय छात्रों, बेरोजगार युवाओं और उनके परिवारों का अपमान किया है।
मंडी से लोकसभा सदस्य रनौत की टिप्पणी के बाद राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने व्यापक आलोचना की।
पत्रकारों से बातचीत में नाची ने कहा कि असली मुद्दा छात्रों का विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि परीक्षा प्रणाली की बार-बार सामने आ रही विफलताएं हैं।
उन्होंने कहा, ‘भारत के युवा समस्या नहीं हैं। असली समस्या देश की परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनाए रखने में भाजपा सरकार की विफलता है। जवाबदेही की मांग करने वाले छात्रों को बेकार पीढ़ी नहीं कहा जा सकता।’
संगठन ने रनौत से देशभर के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से उनकी टिप्पणी के लिए बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश