वडोदरा, 30 जुलाई (भाषा)) गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को हुए उपचुनाव में महज 37.5 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
खास बात यह है कि 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र में 60.15 प्रतिशत मतदान हुआ था। गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने एक विज्ञप्ति में बताया कि सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
इसमें यह भी कहा गया कि सभी रिपोर्टों के संकलन के बाद मतदान प्रतिशत के अंतिम आंकड़ों में थोड़ी वृद्धि होने की उम्मीद है।
मतगणना तीन अगस्त को होगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का लंबी बीमारी के बाद दो जून को निधन हो जाने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
इस विधानसभा सीट के लिए सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।
सत्तारूढ़ भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने अपनी प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर दांव लगाया है।
इस उपचुनाव के लिए कुल 2.19 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,11,645 पुरुष, 1,07,847 महिलाएं और दो तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश