छत्तीसगढ़ के साथ महानदी जल विवाद तीन महीने में सुलझने की उम्मीद: माझी

Ads

छत्तीसगढ़ के साथ महानदी जल विवाद तीन महीने में सुलझने की उम्मीद: माझी

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 10:30 PM IST

भुवनेश्वर, 30 जुलाई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ के साथ महानदी जल विवाद अगले तीन महीनों में आपसी सहमति से सुलझा लिया जाएगा।

माझी नयी दिल्ली में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में महानदी जल बंटवारा और प्रबंधन से जुड़ी एक उच्च-स्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए थे।

माझी ने कहा, ‘‘हमारी बातचीत सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक रही। मैं आपको बता सकता हूं कि ओडिशा के हितों की रक्षा की जाएगी और विवाद को बातचीत, आपसी सहयोग और समन्वय के जरिए… अगले तीन महीनों में, यानी दिवाली तक सुलझा लिया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआत में, वह (साय) बातचीत के जरिए मुद्दे को सुलझाने को लेकर हिचकिचा रहे थे, लेकिन बाद में वह सहमत हो गए और हमने बातचीत की। मुझे पूरा भरोसा है कि यह मामला सुलझ जाएगा।’’

ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि दोनों मुख्यमंत्री पड़ोसी राज्यों के बीच महानदी जल बंटवारे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद को ‘सहयोग, समन्वय और रचनात्मक बातचीत’ के जरिए सुलझाने पर सहमत हुए।

केंद्र सरकार ने 2018 में महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण का गठन किया था।

भाषा संतोष शफीक

शफीक