ईटानगर, 13 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चोवना मीन ने रविवार को कहा कि 2,880 मेगावाट की दिबांग बहुउद्देशीय परियोजना राज्य के लिए रणनीतिक और विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है तथा इसके समय पर पूरा होने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग देगी।
मीन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि परियोजना के कार्यकारी निदेशक नरेन्द्र कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे परियोजना के समय पर एवं सुचारू क्रियान्वयन से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, मोबाइल कनेक्टिविटी, स्थानीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विकास और बिजली की जरूरतों जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
परियोजना के महत्व को रेखांकित करते हुए मीन ने कहा कि दिबांग बहुउद्देशीय परियोजना अरुणाचल प्रदेश के लिए रणनीतिक और विकास के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है जिससे राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ेगी तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को भी काफी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने नरेन्द्र कुमार को परियोजना से जुड़े मुद्दों के समाधान और सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए अरुणाचल प्रदेश सरकार के पूर्ण सहयोग और समर्थन का आश्वासन दिया है, ताकि परियोजना सफलतापूर्वक और समय पर पूरी हो सके।’’
निचले दिबांग घाटी जिले में एनएचपीसी लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही 31,875 करोड़ रुपये की दिबांग बहुउद्देशीय परियोजना को भारत की सबसे बड़ी पनबिजली परियोजना के रूप में तैयार किया जा रहा है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल