MP Congress District President Reshuffle: कांग्रेस पार्टी करेगी कई जिलाध्यक्षों की छुट्टी...प्रकोष्ठ ओर विभागों का भी होगा पुनर्गठन, नई टीम बनाने की तैयारी में पीसीसी चीफ / Image: AI Generated
भोपाल: MP Congress District President Reshuffle मध्यप्रदेश में युवा मतदाताओं की बड़ी हिस्सेदारी (1.41 करोड़ से अधिक) को देखते हुए कांग्रेस अब इस वर्ग के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। युवाओं से जुड़े मुद्दों को सीधे राजनीतिक अभियान से जोड़ने की तैयारी के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। लेकिन राहुल गांधी के दौरे से पहले मध्यप्रदेश से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है।
MP Congress District President Reshuffle मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के दौरे के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव होने वाला है। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले पीसीसी चीफ जीतू पटवारी अपनी नई टीम बनाएंगे। वहीं, खबर ये भी मिल रही है कि जीतू पटवारी की नई टीम में कई दिग्गज नेताओं की छुट्टी होने वाली है, जिसमें कई जिला अध्यक्ष सहित कई दिग्गज बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। खबरों की मानें तो प्रकोष्ठ और विभागों का भी पुनर्गठन किया जाएगा। बता दें कि फिलहाल कांग्रेस में प्रदेश पदाधिकारीयो की संख्या 253 है, जिसे घटाकर 130 तक किया जाएगा।
गौरतलब है कि 12 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर में युवाओं से संवाद करेंगे। इसमें भोपाल, इंदौर और उज्जैन से 50 हजार युवाओं को जोड़ने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस इस कार्यक्रम को जिला, ब्लॉक मुख्यालय, शहर, कस्बे, विश्वविद्यालय, कॉलेज से लेकर कोचिंग सेंटर तक ले जाने की तैयारी में है। सभी जिला अध्यक्षों को इसके निर्देश भी दिए जा चुके हैं। पार्टी का प्रयास है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय स्तर पर युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो और वे प्रदेश स्तर के राजनीतिक मुद्दे में परिवर्तित हों।
बता दें कि मध्यप्रदेश में जीतू पटवारी को कांग्रेस की कमान मिलने के बाद से कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह की खबरें सामने आती रही है। हाल ही में भोपाल में यूथ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के दौरान संगठन की समीक्षा चल रही थी लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल बहस से धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। प्रदेश सचिव सलमान गौरी और मऊगंज जिला अध्यक्ष आशुतोष के बीच ऐप आधारित मूल्यांकन को लेकर विवाद शुरू हुआ जो देखते ही देखते हाथापाई जैसी स्थिति में बदल गया।