अरुणाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के नये कुलपति बने आशान रिद्दी
अरुणाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के नये कुलपति बने आशान रिद्दी
ईटानगर, 16 सितंबर (भाषा) प्रोफेसर आशान रिद्दी को पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट स्थित अरुणाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एपीयू) का कुलपति नियुक्त किया गया है।
रिद्दी विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति प्रोफेसर तोमो रीबा का स्थान लेंगे, जो इस वर्ष 28 फरवरी को सेवामुक्त हुए थे।
अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने कुलपति के रूप में रिद्दी की नियुक्ति को राज्य विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और नवाचार को और मजबूत करने के अवसर के रूप में वर्णित किया। साथ ही उनके सफल और सार्थक कार्यकाल की कामना की।
मीन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट स्थित अरुणाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में नियुक्त होने पर प्रोफेसर आशान रिद्दी को हार्दिक बधाई।’’
मीन ने कहा, ‘‘यह एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, और मैं प्रोफेसर रिद्दी के सफल और सार्थक कार्यकाल की कामना करता हूं।’’
रिद्दी राजीव गांधी विश्वविद्यालय (आरजीयू) में इतिहास विभाग में प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं और उनके पास लगभग 27 वर्षों का शैक्षणिक अनुभव है।
उनका शैक्षणिक कार्य मुख्य रूप से पूर्वोत्तर भारत के इतिहास और संस्कृति, जनजातीय इतिहास और अरुणाचल प्रदेश में प्रतिरोध आंदोलनों पर केंद्रित रहा है।
रिद्दी ने आरजीयू में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी संभाली हैं।
भाषा
सुरेश शफीक
शफीक

Facebook


