अशोक गहलोत सरकार ने 66 हजार करोड़ से ज्यादा के घोटाले किए हैं : किरोड़ी लाल मीणा

Ads

अशोक गहलोत सरकार ने 66 हजार करोड़ से ज्यादा के घोटाले किए हैं : किरोड़ी लाल मीणा

  •  
  • Publish Date - September 17, 2023 / 09:44 PM IST,
    Updated On - September 17, 2023 / 09:44 PM IST

जयपुर, 17 सितंबर (भाषा) भाजपा के राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा ने रविवार को राजस्थान में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पर खदान घोटाले सहित हजारों करोड़ रुपये के घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार ने 66 हजार करोड़ से ज्यादा के घोटाले किए हैं।

मीणा ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गांधीवाद के नाम पर महात्मा गांधी को धोखा दे रहे हैं क्योंकि उनकी सरकार राजस्थान के इतिहास में अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है।’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘मुख्यमंत्री खुद को गांधीवादी कहते हैं लेकिन इतने सारे घोटालों के बाद भी वह चुप कैसे रह सकते हैं? वह कैसे कहते रहते हैं कि भ्रष्टाचार के प्रति उनकी जीरो टॉलरेंस (शून्य बर्दाश्त) है?’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस शासन के दौरान 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले हुए हैं। इनमें 27 हजार करोड़ रुपये का खदान घोटाला और 20 हजार करोड़ रुपये का बजरी घोटाला शामिल है।’’

मीणा ने जल जीवन मिशन ‘घोटाले’ सहित कई घोटालों में राज्य के मंत्रियों, नौकरशाहों और विधायकों की संलिप्तता का आरोप लगाया।

मीणा ने आरोप लगाया, ‘‘मुख्यमंत्री गहलोत और उनके मंत्री और नौकरशाह शायद राजस्थान के इतिहास में सबसे भ्रष्ट हैं।’’

भाषा कुंज धीरज

धीरज