गुवाहाटी, 31 अगस्त (भाषा) असम में मवेशियों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए तीन अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने कम से कम 33 संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया और करीब 300 मवेशियों को मुक्त कराया। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को यह जानकारी दी।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘22 वाहन जब्त किए गए, 298 गायों को मुक्त कराया गया और इस सिलसिले में 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक साथ तीन स्थानों पर असम पुलिस की कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि मवेशी तस्करी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गायों की सुरक्षा और किसानों के हितों की रक्षा के लिए असम सरकार के संकल्प को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मवेशी तस्कर ध्यान रखें-असम की धरती पर मवेशियों की तस्करी के लिए कोई जगह नहीं है। गायों की सुरक्षा असम का संकल्प है।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश