( तस्वीर सहित )
गुवाहाटी, आठ अगस्त (भाषा) असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले चुनाव में अधिकतर सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।
भाजपा का इन चुनावों के जरिये राज्य में लगातार तीसरी बार (हैट्रिक) जीत हासिल करने का लक्ष्य है, जबकि कांग्रेस 2016 में सत्ता से बेदखल होने के बाद राज्य में फिर से सरकार बनाने की कोशिश में है।
चुनाव मैदान में कुल 722 उम्मीदवार हैं, जिनमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद (एजेपी) अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई शामिल हैं।
सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक, 35 जिलों के 31,490 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। कुल 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं, जिनमें 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं।
कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 90 सीट पर चुनाव लड़ रही है। एआईयूडीएफ 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि राजग की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) क्रमशः 26 और 11 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं।
विपक्षी खेमे में राइजोर दल 13 सीटों पर, असम जातीय परिषद 10 सीटों पर, माकपा तीन सीटों पर और एपीएचएलसी दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य दलों में आप 18 सीटों पर, यूपीपीएल (18), तृणमूल कांग्रेस (22), झामुमो 16 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
अलगापुर-कटलीचेरा और करीमगंज दक्षिण में सबसे अधिक 15-15 उम्मीदवार हैं, जबकि रंगिया, जागीरोड (अनुसूचित जाति), होजई, नादुआर, जोनाई (अनुसूचित जनजाति), डूमडूमा, महमोरा, तेओक और लखीपुर सीटों पर केवल दो-दो उम्मीदवार मैदान में हैं।
कुल उम्मीदवारों में 59 महिलाएं हैं, जिनमें कांग्रेस ने सबसे अधिक 14 महिलाओं को टिकट दिया है। भाजपा ने सात महिलाओं को टिकट दिया है। अन्य दलों में महिलाओं को बहुत कम प्रतिनिधित्व मिला है, और कोई भी उम्मीदवार तृतीय लिंग से नहीं है।
प्रमुख मुकाबलों में जालुकबाड़ी सीट शामिल है, जहां मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा लगातार छठी बार जीत दर्ज करने की कोशिश कर रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस ने बिदिशा नियोग को मैदान में उतारा है। जोरहाट में कांग्रेस के गौरव गोगोई भाजपा के हितेंद्रनाथ गोस्वामी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
नाजिरा में देबब्रत सैकिया भाजपा के मयूर बोर्गोहैन के खिलाफ अपनी पारिवारिक सीट बचाने का प्रयास कर रहे हैं। बोडोलैंड क्षेत्र की तमुलपुर सीट पर दैमारी और यूपीपीएल प्रमुख प्रमोद बोरो के बीच सीधा मुकाबला है।
एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल बिन्नाकांडी सीट से अगप के शाहाबुद्दीन मजूमदार और एजेपी के रेजाउल करीम चौधरी के खिलाफ मैदान में हैं।
शिबसागर में अखिल गोगोई, भाजपा के जयंत हजारिका और अगप के प्रदीप हजारिका के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
खोवांग में एजेपी के लुरिंज्योति गोगोई भाजपा के चक्रधर गोगोई के खिलाफ सीधे मुकाबले में हैं, जबकि बोकाखाट में अगप अध्यक्ष और मंत्री अतुल बोरा राइजोर दल के हरि प्रसाद सैकिया और पूर्व निर्दलीय विधायक जितेन गोगोई के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
मंत्री केशव महंत का कलियाबोर सीट पर राइजोर दल के प्रदीप कुमार बरुआ से मुकाबला है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वास्तविक समय पर निगरानी के लिए वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ सहित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई है।
मतदाताओं में 6.42 लाख पहली बार मतदान करने वाले, 80 वर्ष से अधिक आयु के 2.50 लाख मतदाता (जिनमें 2,466 शतायु शामिल हैं) और 2.05 लाख दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
भाषा मनीषा सुभाष
सुभाष