असम के मुख्यमंत्री और अन्य प्रमुख उम्मीदवार आज नामांकन दाखिल करेंगे
असम के मुख्यमंत्री और अन्य प्रमुख उम्मीदवार आज नामांकन दाखिल करेंगे
गुवाहाटी, 20 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के अलावा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के कई प्रमुख उम्मीदवार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
जलुकबाड़ी से चुनाव लड़ रहे शर्मा यहां कामरूप (मेट्रोपॉलिटन) जिला निर्वाचन कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
शर्मा अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले खानापारा के ‘वेटेरिनरी फील्ड’ से लगभग 5.6 किलोमीटर दूर हेंगराबाड़ी स्थित निर्वाचन कार्यालय तक रैली निकालेंगे।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं असम में चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करते समय खानापारा वेटेरिनरी फील्ड से कामरूप (एम) में डीसी कार्यालय तक रैली में शामिल होने के लिए सभी को आमंत्रित करता हूं। आपका आशीर्वाद मेरी इस यात्रा को ऊर्जा देगा और मुझे असम की जनता द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगा।’’
शर्मा गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले जलुकबाड़ी का 2001 से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और आगामी चुनाव में वह लगातार छठी बार इस सीट को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने पहली बार 1996 में इस सीट से चुनाव लड़ा था जिसमें वह असम गण परिषद (एजीपी) के नेता भृगु कुमार फुकन से 17,000 मतों से हार गए थे लेकिन 2001 में उन्होंने 10,000 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उनसे यह सीट छीन ली थी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया भी नाजिरा से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे जिसका वह 2011 से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे पहले उनके दिवंगत पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया तथा उनकी मां हेमोप्रवा सैकिया भी इस सीट पर विजयी रही हैं।
राज्यसभा के पूर्व सदस्य और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रिपुन बोरा उत्तरी असम की बरचल्ला विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई और रायजोर दल के प्रमुख अखिल गोगोई भी क्रमशः खोवांग और शिवसागर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। असम जातीय परिषद राज्य में कांग्रेस नीत गठबंधन का हिस्सा है।
नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है जबकि उनकी जांच अगले दिन होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है।
126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतों की गिनती चार मई को की जाएगी।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना

Facebook


