असम सीआईडी ​​को जुबिन गर्ग मौत मामले की जांच में अब एक ‘निश्चित पहलू’ मिल गया है: हिमंत

Ads

असम सीआईडी ​​को जुबिन गर्ग मौत मामले की जांच में अब एक ‘निश्चित पहलू’ मिल गया है: हिमंत

  •  
  • Publish Date - October 12, 2025 / 09:45 PM IST,
    Updated On - October 12, 2025 / 09:45 PM IST

गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ​​को गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में अब एक ‘‘निश्चित पहलू’’ मिल गया है।

शर्मा ने कहा कि कथित तौर पर गर्ग के अंतिम क्षणों के चश्मदीद चार और असमी प्रवासी सोमवार को गुवाहाटी पहुंचेंगे और अपने बयान दर्ज कराने के लिए सीआईडी ​​के सामने पेश होंगे।

मुख्यमंत्री ने ‘फेसबुक लाइव’ सत्र में कहा, ‘‘दिल्ली स्थित केंद्रीय फोरेंसिक प्रयोगशाला (सीएफएल) ने हमें विसरा रिपोर्ट दे दी है। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि अब सीआईडी ​​को मामले में एक निश्चित पहलू मिल गया है। कुछ ही दिनों में जुबिन गर्ग (मौत मामले) का पूरा घटनाक्रम अदालत के सामने पेश किया जायेगा।’’

प्रसिद्ध गायक की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मौत हो गई थी। वह पूर्वोत्तर भारत महोत्सव के चौथे संस्करण में भाग लेने के लिए दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश गए थे।

गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में गर्ग के पोस्टमार्टम के बाद विसरा का नमूना विस्तृत जांच के लिए सीएफएल भेजा गया था।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश