असम के मुख्यमंत्री ने निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे किए

Ads

असम के मुख्यमंत्री ने निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे किए

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 10:20 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 10:20 PM IST

गुवाहाटी, 13 मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि उन्होंने जलुकबारी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने इसे जनता के समर्थन और “अनंत सेवा” से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

शर्मा ने कहा कि 2001 में इसी दिन वह पहली बार जलुकबारी से असम विधानसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने कहा कि तब से वह इस निर्वाचन क्षेत्र से लगातार छह बार निर्वाचित हुए हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘अनंत सेवा के 25 वर्ष! 2001 में इसी दिन मां कामाख्या के आशीर्वाद से मैं पहली बार जलुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुना गया था।’

शर्मा ने कहा कि उनकी लगातार चुनावी सफलता ‘जलुकबारी की जनता के आशीर्वाद’ की वजह से है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना उनके लिए ‘सबसे बड़ा सम्मान’ रहा है।

उन्होंने आगे कहा, ‘उस दिन से लेकर आज तक- जब मैं असम के मुख्य सेवक के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत कर रहा हूं-हर कदम हमारे लोगों के पसीने, संघर्ष और जीत की कहानी से जुड़ा रहा है। उनके आशीर्वाद और समर्थन से मैंने उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने, उनके सपनों को साकार करने और उनका जीवन बेहतर बनाने की पूरी कोशिश की है।’

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश