गुवाहाटी, एक जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पीयूष गोयल से मुलाकात की और पूर्वोत्तर राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
शर्मा ने बताया कि चर्चा में राज्य में हाइड्रोकार्बन अन्वेषण को बढ़ाने के तरीकों और चाय उद्योग से संबंधित मुद्दों पर बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज शाम माननीय केंद्रीय मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी जी से मिलकर बहुत प्रसन्नता हुई। वैश्विक मामलों और वर्तमान ऊर्जा परिदृश्य पर उनके विचार अत्यंत ज्ञानवर्धक रहे।’
उन्होंने कहा, ‘हमने अपने हाइड्रोकार्बन भंडार को बढ़ाने और अपने क्षेत्रों से उत्पादन बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की, ताकि असम भारत की विकास गाथा में और भी बड़ी भूमिका निभा सके।’
एक अन्य पोस्ट में, शर्मा ने कहा कि भारत द्वारा हस्ताक्षरित कई मुक्त व्यापार समझौते भारतीय उद्यमियों के लिए अनेक अवसर सृजित करेंगे।
उन्होंने कहा, “आज माननीय मंत्री श्री पीयूष गोयल जी से हुई मुलाकात के दौरान मैंने उनके मंत्रालय को इन जटिल वार्ताओं को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए बधाई दी और साथ ही इस बात पर भी चर्चा की कि असम में छोटे व्यवसाय और किसान इन ऐतिहासिक समझौतों से कैसे लाभान्वित हो सकते हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने चाय उद्योग से संबंधित मुद्दों को सुलझाने पर भी बात की।”
भाषा
राखी नरेश
नरेश