बरेली (उप्र), एक जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जंक्शन पर सोमवार को चलती त्रिवेणी एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से एक व्यक्ति की पत्नी के सामने ही मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयागराज निवासी विजय कुमार (52) का पैर फिसल गया और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। यह हादसा उनकी पत्नी अंजना सहाय की आंखों के सामने हुआ।
विजय कुमार अपनी पत्नी के साथ रविवार को पैर का इलाज कराने बरेली आए थे।
स्टेशन प्रबंधक भानु प्रताप सिंह के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे दोनों बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचे, तब तक प्रयागराज जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस चल चुकी थी। उन्होंने कहा कि विजय कुमार ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वे पटरियों के बीच गिर गए।
सूचना मिलने पर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की टीम वहां पहुंची और गंभीर रूप से घायल विजय को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाषा सं आनन्द पारुल अविनाश
अविनाश