असम : सीआरपीएफ अधिकारी ने दो सहकर्मियों की हत्या करने के बाद की आत्महत्या
असम : सीआरपीएफ अधिकारी ने दो सहकर्मियों की हत्या करने के बाद की आत्महत्या
नगांव, चार अगस्त (भाषा) असम के नगांव जिले में मंगलवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी ने अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या और एक अन्य को घायल करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नगांव की पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) परमिता सरकार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना कटिमारी में 34 बटालियन शिविर में सुबह करीब सात बजे हुई, जब मेन गेट पर ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनरीक्षक बल्लानी प्रेमाबरम ने अपने साथियों पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि बाद में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
परमिता ने बताया, ‘‘दो कर्मियों हवलदार विष्णु प्रसाद बघेल और उपनिरीक्षक रामनवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि इस घटना में सीआरपीएफ का एक और जवान एएसआई गोविंद श्रीपुल घायल हो गया और उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
परमिता ने बताया कि सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की जांच के आदेश दिए।
भाषा धीरज शोभना
शोभना

Facebook


