गुवाहाटी, 23 जून (भाषा) असम पुलिस ने कछार जिले में करीब 2.9 करोड़ रुपये मूल्य की ‘याबा टैबलेट’ जब्त की है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
शर्मा ने कहा कि 29,000 याबा टैबलेट जब्त की गईं और मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ मादक पदार्थ नेटवर्क को एक और बड़ा झटका लगा है। कछार पुलिस ने सिलचर में करीब 2.9 करोड़ रुपये की कीमत की 29,200 संदिग्ध याबा टैबलेट जब्त कीं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मादक पदार्थ के खिलाफ हमारी कार्रवाई बिना रुके जारी है।’’
याबा टैबलेट को थाई भाषा में ‘क्रेजी मेडिसिन’ कहा जाता है। यह एक मादक पदार्थ है जो मेथामफेटामीन और कैफ़ीन के मिश्रण से तैयार किया जाता है।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश