असम बाढ़: प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 1.22 लाख हुई, मृतकों की संख्या बढ़कर 89 हुई
असम बाढ़: प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 1.22 लाख हुई, मृतकों की संख्या बढ़कर 89 हुई
गुवाहाटी, चार अगस्त (भाषा) असम में मंगलवार को बाढ़ की स्थिति में और सुधार हुआ तथा प्रभावित लोगों की संख्या घटकर पांच जिलों में 1.22 लाख रह गई, हालांकि दो और लोगों की मौत के बाद इस साल बाढ़ में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 89 हो गई। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की मंगलवार शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में बाढ़ के कारण दो लोगों की मौत हुई।
शिवसागर और गोलाघाट जिलों में दो लोगों की मौत दर्ज की गई, जिसके बाद इस साल बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या 89 हो गई है।
एएसडीएमए की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, चराइदेव, धेमाजी, गोलाघाट, जोरहाट और शिवसागर जिलों में अब भी 1,22,100 से अधिक लोग प्रभावित हैं। शिवसागर सबसे अधिक प्रभावित जिला रहा, जहां करीब 60,000 लोग प्रभावित हैं। इसके बाद चराइदेव (31,000) और जोरहाट (20,000) का स्थान है।
सोमवार की तुलना में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है। सोमवार को छह जिलों में 1.28 लाख से अधिक लोग प्रभावित थे।
एएसडीएमए ने बताया कि प्रशासन चार जिलों में 55 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र संचालित कर रहा है, जहां वर्तमान में 17,857 प्रभावित लोगों की देखभाल की जा रही है।
पिछले 24 घंटे में राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच 99.63 क्विंटल चावल, 18.47 क्विंटल दाल, 6.24 क्विंटल नमक और 608.83 लीटर सरसों तेल वितरित किया गया है।
एएसडीएमए के अनुसार, वर्तमान में असम के 365 गांव पानी में डूबे हुए हैं और 15,342.92 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।
राज्य के विभिन्न जिलों में बाढ़ के पानी से तटबंधों, सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल धानसिरी नदी नुमालीगढ़ में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
बाढ़ के कारण राज्यभर में 26,575 घरेलू पशु और मुर्गियां भी प्रभावित हुई हैं।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


