महबूबा ने उमर से सलामाबाद केंद्र का मुद्दा केंद्र के समक्ष उठाने का आग्रह किया

महबूबा ने उमर से सलामाबाद केंद्र का मुद्दा केंद्र के समक्ष उठाने का आग्रह किया

महबूबा ने उमर से सलामाबाद केंद्र का मुद्दा केंद्र के समक्ष उठाने का आग्रह किया
Modified Date: September 20, 2026 / 05:14 pm IST
Published Date: September 20, 2026 5:14 pm IST

श्रीनगर, 20 सितंबर (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से उरी के पास नियंत्रण रेखा (एलओसी) स्थित सलामाबाद व्यापार सुविधा केंद्र को पर्यटन केंद्र में बदलने के मुद्दे को केंद्र के समक्ष उठाने का आग्रह किया।

महबूबा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सलामाबाद व्यापार सुविधा केंद्र का निर्माण विभाजित परिवारों को जोड़ने, व्यापार को फिर से शुरू करने और घावों को भरने के लिए किया गया था, न कि इसे महज एक पर्यटन स्थल में बदलने के लिए। इसके लिए बड़ी कीमत चुकानी पड़ी और मुजफ्फराबाद चलो रैली के दौरान पीडीपी के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई। मैं उमर अब्दुल्ला से आग्रह करती हूं कि वह इस मुद्दे को भारत सरकार के समक्ष उठाएं और इसका मूल उद्देश्य बहाल करें।’’

पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर को बाहरी दुनिया से जोड़ने वाले मार्गों को फिर से खोलने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘कश्मीर को बाहरी दुनिया से और अधिक जोड़ने वाले पुलों की जरूरत है, न कि उन संपर्कों को बंद करने की।’’

सलामाबाद व्यापार सुविधा केंद्र की स्थापना 2008 में भारत और पाकिस्तान के जम्मू-कश्मीर एवं पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के बीच वस्तु-विनिमय आधारित व्यापार पर सहमति बनने के बाद की गई थी। भारत सरकार के अनुसार, सलामाबाद और चकन-दा-बाग के जरिये सीमा पार व्यापार अक्टूबर 2008 में शुरू हुआ था।

केंद्र सरकार ने अप्रैल 2019 में नियंत्रण रेखा के पार होने वाले व्यापार को निलंबित कर दिया था। गृह मंत्रालय ने उस समय कहा था कि इन मार्गों का इस्तेमाल अवैध हथियार, मादक पदार्थ और जाली मुद्रा को लाने ले जाने के लिए किया जा रहा था।

पिछले सप्ताह पर्यटन विभाग ने व्यापार सुविधा केंद्र को अपने अधीन ले लिया। यह केंद्र पिछले सात वर्षों से निष्क्रिय था।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में