असम सरकार अरुणाचल में अचानक आई बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर रख रही है नजर

Ads

असम सरकार अरुणाचल में अचानक आई बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर रख रही है नजर

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 02:50 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 02:50 PM IST

गुवाहाटी, 24 जून (भाषा) असम सरकार पड़ोसी अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में आई अचानक बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर नजर रख रही है, क्योंकि नदियों के जलप्रवाह में संभावित वृद्धि का असर राज्य (असम) के निचले इलाकों पर पड़ सकता है। इस संबंध में बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के मद्देनजर ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर तथा प्रवाह की गति में वृद्धि होने की आशंका है।

इसके अनुसार, बाढ़ का पानी अगले एक-दो दिनों में धेमाजी, लखीमपुर, विश्वनाथ और सोनितपुर जिलों को प्रभावित कर सकता है। इसके बाद इसके अन्य जिलों से होते हुए अंततः धुबरी पहुंचने की आशंका है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मुख्य सचिव रवि कोटा और अन्य अधिकारियों को अत्यधिक सतर्क रहने तथा सभी आवश्यक एहतियाती और तैयारी संबंधी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बयान में कहा गया है कि संभावित रूप से प्रभावित जिलों के प्रशासन को स्थिति पर लगातार नजर रखने और समय रहते आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

इसके अलावा, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य आपात प्रतिक्रिया एजेंसी की टीम तैनाती के लिए तैयार हैं। क्षेत्रीय अधिकारियों को नदियों की स्थिति और संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

निचले और संभावित रूप से बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

बयान में नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने और इस दौरान ब्रह्मपुत्र तथा अन्य नदियों में छोटी नौकाओं या अन्य नौकाओं से यात्रा करने से बचने का अनुरोध किया गया है।

असम सरकार सभी संबंधित एजेंसियों और जिला प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है तथा जनसुरक्षा को ध्यान में रखकर आवश्यकता के अनुसार परामर्श और नयी जानकारी जारी करती रहेगी।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश