असम के मंत्रियों ने जनता के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जतायी, हिमंत ने बधाई दी

Ads

असम के मंत्रियों ने जनता के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जतायी, हिमंत ने बधाई दी

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 07:59 PM IST

गुवाहाटी, 12 मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को अपने साथ राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली तीसरी राजग सरकार के हिस्से के रूप में शपथ लेने वाले मंत्रिमंडल के सहयोगियों को बधाई दी।

शर्मा ने विकसित और सुरक्षित असम के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

शर्मा ने ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद पोस्ट किया, ‘‘राजग 3.0 सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर मैं अपने सभी सम्मानित सहयोगियों रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, अजंता नियोग और चरण बोरो को हार्दिक बधाई देता हूं।”

उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर एक विकसित और सुरक्षित असम के निर्माण की दिशा में काम करेंगे।”

शर्मा के साथ भाजपा विधायक अजंता नियोग और रामेश्वर तेली तथा उनके सहयोगी दलों, असम गण परिषद (एजीपी) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो ने नयी सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री तेली को छोड़कर, बाकी तीनों राज्य में पिछली राजग सरकार का हिस्सा थे।

शपथ ग्रहण करने के बाद फेसबुक पर एक पोस्ट में नियोग ने कहा, ‘आज, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति में, डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और उनके साथ, मैंने भी उनके मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में शपथ ली।’’

नियोग ने मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए शर्मा के प्रति आभार जताया और लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने और राज्य में विकास के साथ शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए काम करते रहने का अपना संकल्प दोहराया।

नियोग ने कहा, “मैं अपने वरिष्ठों, शुभचिंतकों और असम की जनता का आशीर्वाद और सहयोग चाहती हूं।”

तेली 15 साल बाद राज्य की राजनीति में लौटे हैं। तेली ने खुद को मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

भाजपा नेता तेली ने नये मंत्रियों की सूची में अपना नाम आने के बाद फेसबुक पर एक पोस्ट में इसे ‘एक नयी यात्रा की शुरुआत’ बताया और सभी से आशीर्वाद मांगा।

तेली ने कहा, “इस अवसर के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा जी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया जी और पार्टी के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं।”

एजीपी अध्यक्ष अतुल बोरा ने शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार का एक बार फिर हिस्सा बनने पर प्रसन्नता जतायी।

बोरा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में कैबिनेट सहयोगी के रूप में उपस्थित होकर मैं अत्यंत सम्मानित और प्रसन्न महसूस कर रहा हूं। वे एक दूरदर्शी नेता हैं जो असम को शांति, प्रगति और सर्वांगीण विकास के निर्बाध पथ पर अग्रसर कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि शर्मा के नेतृत्व, राजनीतिक सूझबूझ और अटूट प्रतिबद्धता ने राज्य के लिए परिवर्तन और विकास के एक नये युग की शुरुआत की है।

बोरा ने कहा, ‘हमें पूरा विश्वास है कि माननीय डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के सक्षम नेतृत्व में असम सरकार राज्य के मूल निवासियों की आशाओं, आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करती रहेगी और भारत के सबसे समृद्ध, प्रगतिशील और आत्मनिर्भर राज्यों में से एक बनने की दिशा में असम की यात्रा को और मजबूत करेगी।’

तीसरी बार बीपीएफ विधायक बने बोरो ने नई सरकार में शामिल किए जाने और उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपे जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति में, जब माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने पद की शपथ ली, तो मैं भी उनकी दूरदर्शी परिषद में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेते हुए कृतज्ञता और विनम्रता से अभिभूत हूं।’

बोरो ने कहा कि वह असम की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और राज्य की शांति, प्रगति और समृद्धि की यात्रा में योगदान देने के लिए अटूट समर्पण, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सेवा के इस नए अध्याय की शुरुआत करते हुए, मैं अपने सभी बड़ों, शुभचिंतकों और राज्य की प्रिय जनता का आशीर्वाद और निरंतर समर्थन चाहता हूं।’’

भाषा अमित संतोष

संतोष