गुवाहाटी, 10 मई (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से रविवार को मुलाकात की और विधानसभा के लिए सदन का नेता चुने गये हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
यह असम में राजग की लगातार तीसरी सरकार होगी। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पहली बार 2016 में सत्ता में आई थी, जिसकी बागडोर सर्वानंद सोनोवाल के हाथ में थी।
वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री बने शर्मा एक और इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। वह असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले एकमात्र गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री होंगे।
एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा तथा सह-पर्यवेक्षक एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शर्मा तथा राजग के अन्य नेताओं के साथ लोक भवन पहुंचे।
उन्होंने बताया, ‘‘राजग नेताओं ने सरकार बनाने का दावा पेश किया और राज्यपाल ने तीनों घटक दलों द्वारा हस्ताक्षरित आवेदन स्वीकार कर लिया।’’
असम में राजग में भाजपा के अलावा असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) भी शामिल हैं।
राजग ने विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। विधानसभा की 126 सीट में से भाजपा ने 82 पर जीत हासिल की, जबकि सहयोगी दलों- अगप और बीपीएफ ने 10-10 सीट जीतीं।
नयी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को खानापारा पशु चिकित्सा महाविद्यालय में होगा और इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विभिन्न केंद्रीय मंत्री, राजग के घटक दलों के नेता और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
भाषा खारी सुरेश
सुरेश