असम पुलिस ने पूछताछ के लिए मुझे 25 मई को फिर से बुलाया है : पवन खेड़ा

Ads

असम पुलिस ने पूछताछ के लिए मुझे 25 मई को फिर से बुलाया है : पवन खेड़ा

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 08:58 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 08:58 PM IST

(तस्वीर के साथ)

गुवाहाटी, 14 मई (भाषा) कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बृहस्पतिवार को कहा कि असम पुलिस की अपराध शाखा ने उन्हें राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा द्वारा दाखिल की गई शिकायत के संबंध में पूछताछ के लिए 25 मई को फिर से तलब किया है।

रिनिकी पर कई पासपोर्ट रखने और अघोषित विदेशी संपत्ति रखने का आरोप लगाने के संबंध में यहां अपराध शाखा के कार्यालय में खेड़ा से लगातार दूसरे दिन पूछताछ की।

कांग्रेस नेता ने शाम को अपराध शाखा कार्यालय से बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘जांच जारी है और मैं प्रक्रिया के तहत पूछे जाने वाले सवालों का जवाब दे रहा हूं। मुझे 25 मई को फिर से आने के लिए कहा गया है और मैं आऊंगा।’’

उन्होंने कहा कि वह जांच में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं, ‘‘जैसा कि प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक को करना चाहिए’’।

खेड़ा ने हालांकि पूछताछ का विवरण देने से इनकार करते हुए कहा कि वह जांचकर्ताओं द्वारा पूछे गए सभी सवालों का जवाब दे रहे हैं।

पुलिस ने बुधवार को खेड़ा से 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी और बृहस्पतिवार को दोबारा पेश होने को कहा था।

उन्होंने बृहस्पतिवार को पूछताछ के लिए पेश होने से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं जांच में सहयोग कर रहा हूं और आज भी ऐसा ही करूंगा।’’

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा था कि कानून अपना काम करेगा, लेकिन ‘‘हमें केंद्र सरकार से लिखित में यह सूचना मिल चुकी है कि खेड़ा द्वारा प्रदर्शित दस्तावेज फर्जी थे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए पुलिस जांच में ज्यादा समय नहीं लगेगा और वे निर्धारित समय के भीतर आरोप पत्र दाखिल कर सकेंगे।

शर्मा की पत्नी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के विभिन्न प्रावधानों के तहत गुवाहाटी अपराध शाखा थाने में खेड़ा और अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक शिकायतें दर्ज कराई थीं। कांग्रेस नेता के खिलाफ लगाए गए आरोपों में चुनाव के संबंध में झूठे बयान देना, धोखाधड़ी, जालसाजी, शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना और मानहानि शामिल हैं।

भाषा धीरज माधव

माधव