स्वयंभू बाबा अशोक खरात से संबंधों के आरोप में उपजिलाधिकारी अभिजीत भांडे-पाटिल निलंबित

Ads

स्वयंभू बाबा अशोक खरात से संबंधों के आरोप में उपजिलाधिकारी अभिजीत भांडे-पाटिल निलंबित

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 12:50 AM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 12:50 AM IST

मुंबई, 14 मई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने स्वयंभू बाबा अशोक खरात से कथित संबंधों के आरोप में उपजिलाधिकारी अभिजीत भांडे-पाटिल को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया। इस मामले में अधिकारियों के खिलाफ यह पहली ऐसी कार्रवाई है।

खरात को इस साल मार्च में एक महिला द्वारा बलात्कार का आरोप लगाए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद हुई जांच में बेनामी बैंक खातों से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के साथ-साथ संदिग्ध भूमि सौदों का भी खुलासा हुआ।

राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि प्रारंभिक जांच में भांडे-पाटिल के खरात से संबंध पाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया वह दोषी प्रतीत होते हैं। मैंने भांडे-पाटिल को निलंबित करने का निर्णय लिया है। जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित रखने का फैसला किया गया है।

महाराष्ट्र सरकार ने मार्च में भांडे-पाटिल को उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया था। वह वर्तमान में मुंबई में झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात थे।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत