दिल्ली के प्रेम नगर में युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के प्रेम नगर में युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 10:30 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान मुबारक राज उर्फ राज, कमलेश, सूरज और दीपांशु उर्फ असला के रूप में हुई है। सभी की उम्र करीब 18 वर्ष है।

पुलिस के अनुसार, 10 मई को प्रेम नगर थाने को एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की सूचना मिली। मृतक की पहचान मनीष उर्फ बादशाह के रूप में हुई है, जिस पर प्रेम नगर में किराए की संपत्ति में हमला किया गया था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘इस संपत्ति के मालिक और घटना के चश्मदीद के बयान के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।’

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान चश्मदीदों के बयानों से पता चला कि हमलावरों के एक समूह ने पीड़ित पर चाकू से कई वार किए।

उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर छापेमारी की।

अधिकारी ने कहा, ‘मुबारक राज और दीपांशु को पकड़ा गया और पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य साथियों के नामों का खुलासा किया।’

पुलिस ने बताया कि इसके बाद कमलेश और सूरज को भी मामले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि यह घटना आरोपियों और पीड़ित के बीच पुरानी रंजिश का परिणाम थी।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश