भरतपुर जिले में सहायक उप निरीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार

Ads

भरतपुर जिले में सहायक उप निरीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 29, 2025 / 06:29 PM IST,
    Updated On - September 29, 2025 / 06:29 PM IST

जयपुर, 29 सितंबर (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने भरतपुर जिले में पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को 40,000 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते सोमवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उनके अनुसार, थाना भुसावर में पदस्थापित एएसआई उदयसिंह को परिवादी के रिश्तेदार के घर पर 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि परिवादी व उनके परिवारजनों की जमीन के विवाद के कारण उपखंड अधिकारी (एसडीएम) भुसावर द्वारा जमीन को राज्य सरकार के अधीन लेने के लिए थाना भुसावर से रिपोर्ट मांगी गई थी और आरोपी एएसआई उदयसिंह इस रिपोर्ट को परिवादी के पक्ष में तैयार करने के एवज में 40,000 रुपये रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, ब्यूरो की टीम ने सोमवार को जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए एएसआई को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे जांच की जा रही है।

भाषा पृथ्वी नोमान

नोमान