‘बहरूपिया’ टोंक का विधायक बन गया: भाजपा प्रभारी अग्रवाल का सचिन पायलट पर कटाक्ष

Ads

'बहरूपिया' टोंक का विधायक बन गया: भाजपा प्रभारी अग्रवाल का सचिन पायलट पर कटाक्ष

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 09:29 PM IST

जयपुर, 27 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने सोमवार को बिना नाम लिए कांग्रेस नेता और टोंक से विधायक सचिन पायलट पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय निवासी नहीं होने के बावजूद वह (पायलट) विधायक बन गए।

अग्रवाल टोंक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने टोंक विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास की ओर इशारा करते हुए अग्रवाल ने कहा,’ टोंक में ही हमारे विधायक हुआ करते थे। एक लंबी पंरपरा रही है टोंक की…. आज एक बहरूपिया टोंक का विधायक बन गया।’

उन्होंने आरोप लगाया कि टोंक के मौजूदा विधायक न तो टोंक और न ही राजस्थान के रहने वाले हैं। अग्रवाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट का स्पष्ट नाम हालांकि नहीं लिया।

अग्रवाल ने कहा,’आश्चर्य होता है कि वह आपके टोंक के निवासी भी नहीं। टोंक तो बहुत दूर… वह आपके राजस्थान के भी निवासी नहीं।’

उन्होंने कहा,’ मैं भी उत्तर प्रदेश से आता हूं और राजस्थान का प्रभारी भाजपा हूं। लेकिन मैं सपने में नहीं सोचूंगा कि मैं राजस्थान से किसी क्षेत्र का विधायक बन जाउं। है मेरे पास उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश का भगौड़ा नहीं हूं मैं। उत्तर प्रदेश का मजबूत राजनेता हूं। उत्तर प्रदेश से राजनीति कर सकता हूं।’

अग्रवाल ने कहा,’ ये कौनसी आपने प्रथा बना ली? किसी भी प्रदेश से कोई व्यक्ति भेज दिया जाए तो आप उसे माला पहना देते हो। इतना बड़ा राजस्थान के साथ अवमानना का काम हुआ।’

इसके साथ ही भाजपा नेता ने पायलट की ‘वफादारी’ को लेकर भी सवाल उठाया, ‘ किनके प्रति उनकी विश्वसनीयता रही? अपनी पार्टी के प्रति नहीं, अपने मुख्यमंत्री के प्रति नहीं, अपने कार्यकर्ताओं के प्रति नहीं। …न जाने किस प्रभाव में आकर टोंक से अपना विधायक बना लिया।’

अग्रवाल ने कहा,’उनकी एक टांग कांग्रेस में रहती है, एक टांग और पता नहीं कहां रहती है।’ अग्रवाल ने दावा किया कि टोंक सीट से अगली बार भाजपा का प्रत्याशी ही जीतेगा।

भाषा पृथ्वी

रंजन

रंजन