बैंक ‘धोखाधड़ी’ मामला : अनिल अंबानी के बेटे से लगातार दूसरे दिन पूछताछ

Ads

बैंक ‘धोखाधड़ी’ मामला : अनिल अंबानी के बेटे से लगातार दूसरे दिन पूछताछ

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 09:45 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 09:45 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में शनिवार को लगातार दूसरे दिन अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से लगभग पांच घंटे तक पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) के पूर्व निदेशक जय अनमोल अंबानी से यहां सीबीआई मुख्यालय में बैंक धोखाधड़ी मामले में पूछताछ की गई। केंद्रीय एजेंसी ने इस मामले में अनमोल के साथ-साथ आरएचएफएल के पूर्व सीईओ और पूर्णकालिक निदेशक रविंद्र सुधाकर सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

कंपनी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

सीबीआई ने जय अनमोल अंबानी और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद नौ दिसंबर, 2025 को उनके आवास पर तलाशी ली।

सीबीआई ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (पूर्व में आंध्र बैंक) की शिकायत पर कार्रवाई की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कंपनी ने बैंक से लिए गए ऋण का भुगतान नहीं किया, जिसके कारण 2019 में उक्त खाता गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) बन गया।

सीबीआई की प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया था कि बैंक की शिकायत के आधार पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार के आरोपों में रिलायंस एडीए समूह की कंपनी आरएचएफएल, उसके प्रवर्तकों और निदेशकों तथा अज्ञात बैंक अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि कथित अपराध से बैंक को 228.06 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘ रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड का खाता 30 सितंबर, 2019 को एनपीए (गैर-निष्पादित) घोषित किया गया था और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 10 अक्टूबर, 2024 को इसे धोखाधड़ी बताया गया।’’

प्रवक्ता ने बताया कि आरएचएफएल ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित 18 बैंकों, वित्तीय संस्थानों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) और कॉर्पोरेट निकायों से 5,572.35 करोड़ रुपये का ऋण लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी कंपनी द्वारा सभी बैंकों/वित्तीय संस्थानों आदि को धोखा देने के आरोपों की गहन जांच की जा रही है।’’

प्रवक्ता ने बताया कि सीबीआई ने मुंबई स्थित विशेष अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त कर लिया था और मुंबई में आरएफएचएल के दो आधिकारिक परिसरों और जय अनमोल तथा सुधाकर के आवासीय परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया था।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश