बेलगावी (कर्नाटक), 24 मार्च (भाषा) बेलगावी जिले में गंभीर आर्थिक संकट के कारण मंगलवार सुबह 65 वर्षीय एक होटल मालिक ने कथित तौर पर अपने भोजनालय में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान हुक्केरी कस्बे के निवासी रामचंद्र शंकर हल्लुरी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह पिछले 16 वर्षों से पुराने बस स्टैंड के पास ‘हनुमान होटल’ चला रहा था।
पुलिस के मुताबिक, हल्लुरी पिछले चार-पांच वर्षों से लगातार व्यापारिक घाटे से जूझ रहा था, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई थी। जानकारी के अनुसार, उस पर लगभग 11 लाख रुपये का कर्ज था और किराए व ऋण भुगतान सहित रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करना उसके लिए दिन-प्रतिदिन मुश्किल होता जा रहा था।
हल्लुरी ने हमेशा की तरह मंगलवार सुबह करीब छह बजे अपना होटल खोला। हालांकि, बाद में वह होटल परिसर के अंदर फांसी पर लटका हुआ पाया गया।
हुक्केरी थाने के पुलिसकर्मी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे तथा प्रारंभिक जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आत्महत्या का मुख्य कारण होटल व्यवसाय के लिए लिए गए ऋणों से उत्पन्न वित्तीय बोझ था।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश