बंगाल विधानसभा चुनाव: मतगणना केंद्रों पर और आसपास सुरक्षा बल कर रहे कड़ी निगरानी

Ads

बंगाल विधानसभा चुनाव: मतगणना केंद्रों पर और आसपास सुरक्षा बल कर रहे कड़ी निगरानी

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 12:24 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 12:24 PM IST

कोलकाता, एक मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद कोलकाता और अन्य जिलों में मतगणना केंद्रों के अंदर तथा आसपास सुरक्षा बल द्वारा कड़ी निगरानी की जा रही है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

चुनाव में इस्तेमाल की गईं ईवीएम मशीन मतदान के बाद इन विभिन्न केंद्रों पर रखीं गईं।

दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर स्थित सखावत मेमोरियल स्कूल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मतगणना केंद्र पर बृहस्पतिवार देर रात तक करीब चार घंटे बिताने के बाद माहौल अशांत हो गया था लेकिन शुक्रवार सुबह वहां शांतिपूर्ण स्थिति रही तथा सुरक्षाकर्मी इलाके की सुरक्षा में लगे रहे।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने ईवीएम ‘स्ट्रांग रूम’ का दौरा करने और संभावित गड़बड़ी का आरोप लगाने के कुछ घंटे बाद मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ के प्रयास के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर दिया।

बनर्जी ने मतगणना केंद्र के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘पारदर्शिता बनाए रखना बहुत जरूरी है। जनता के वोट की रक्षा की जानी चाहिए। शिकायतें मिलने के बाद मैं तुरंत यहां पहुंची।’’

राज्य में दो चरणों में हुए मतदान के बाद चार मई को होने वाली मतगणना से पहले कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि मतगणना प्रक्रिया में किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा