बंगाल: भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ ने नंदीग्राम में 1.5 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीतने का दावा किया

बंगाल: भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ ने नंदीग्राम में 1.5 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीतने का दावा किया

बंगाल: भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ ने नंदीग्राम में 1.5 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीतने का दावा किया
Modified Date: September 20, 2026 / 09:25 pm IST
Published Date: September 20, 2026 9:25 pm IST

कोलकाता, 20 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार हसीरानी रथ ने रविवार को दावा किया कि वह नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में 1.5 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल करेंगी।

उन्होंने विभिन्न दलों के उम्मीदवारों द्वारा प्रचार अभियान शुरू किए जाने के बीच यह बयान दिया।

भाजपा ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी रहे चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को नंदीग्राम से अपना उम्मीदवार बनाया है। चंद्रनाथ की पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद हत्या कर दी गई थी। यह उपचुनाव शुभेंदु अधिकारी के नंदीग्राम सीट खाली कर कोलकाता की भवानीपुर सीट बरकरार रखने के फैसले के कारण आवश्यक हो गया था।

हसीरानी ने नंदीग्राम के एक काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और लोगों से अपने समर्थन की अपील करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के लिए शुभेंदु अधिकारी के दृष्टिकोण को पूरा करने का काम करेंगी।

नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।

इस बीच, माकपा उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि ने नंदीग्राम में घर-घर जाकर प्रचार किया और मतदाताओं से समर्थन मांगा।

इस सीट पर 2006 के विधानसभा चुनाव में माकपा ने जीत हासिल की थी।

वहीं, मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर में उपचुनाव एजेयूपी संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण आवश्यक हो गया।

कबीर ने इस सीट के लिए अपने बेटे गुलाम नबी आजाद को उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने रविवार को निर्वाचन क्षेत्र में जनसभाएं कीं।

भाजपा उम्मीदवार सखारव सरकार और माकपा के सैयद असद अली ने भी प्रचार अभियान के पहले रविवार का लाभ उठाते हुए पार्टी समर्थकों और मतदाताओं के साथ बैठकें कीं और समर्थन मांगा।

नंदीग्राम से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार ने अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद पार्टी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की थी। हालांकि, बाद में विभिन्न मामलों के सिलसिले में पुलिस ने प्रधान को गिरफ्तार कर लिया।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में