बंगाल: अवैध दवा कारोबार गिरोह के खिलाफ छापेमारी में ढाई करोड़ रुपये नकद और सोना जब्त, तीन गिरफ्तार
बंगाल: अवैध दवा कारोबार गिरोह के खिलाफ छापेमारी में ढाई करोड़ रुपये नकद और सोना जब्त, तीन गिरफ्तार
कोलकाता, तीन अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में रविवार को रातभर चली छापेमारी के दौरान एक फ्लैट से करीब ढाई करोड़ रुपये नकद, प्रतिबंधित कफ सिरप की हजारों बोतलें और थोड़ी मात्रा में सोना जब्त किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मालदा के मंगलबाड़ी स्थित फ्लैट में छापेमारी के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस अभियान से “अंतरराज्यीय और सीमा पार दवा गिरोह को बड़ा झटका लगा है।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतने की नीति पर दृढ़ता से कायम है।
पुलिस के मुताबिक, मालदा और दक्षिण दिनाजपुर जिला पुलिस ने राज्य पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओटी) की मदद से चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान मालदा थाना क्षेत्र के मंगलबाड़ी स्थित एक फ्लैट से यह बरामदगी की।
पुलिस ने पिछले महीने कथित तस्कर मृदुल घोष को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
एक अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घोष के कथित सहयोगी पिंटू सरकार और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शुभेंदु ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हमारी सरकार मादक पदार्थों, आपराधिक कृत्यों और अवैध गिरोहों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतने की नीति अपनाती है। पश्चिम बंगाल अपने युवाओं की सुरक्षा के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आपराधिक नेटवर्क हमारी धरती का दुरुपयोग न कर पाएं।”
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि संयुक्त अभियान ने “अंतरराज्यीय और सीमा पार दवा गिरोह को बड़ा झटका दिया है।” उन्होंने छापेमारी के लिए दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिला पुलिस की सराहना की।
शुभेंदु के मुताबिक, पुलिस ने लगभग ढाई करोड़ रुपये नकद, प्रतिबंधित कफ सिरप की हजारों बोतलें और करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कफ सिरप की इन बोतलों की काले बाजार में कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।
उन्होंने कहा, “गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि पूरे गिरोह का पता लगाया जा सके और उससे जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।”
शुभेंदु ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी जारी है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त नकदी के स्रोत का पता लगाने, परिसर के स्वामित्व की पुष्टि करने और कथित तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा जितेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


