बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु ने अभिनेता उत्तम कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया

Ads

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु ने अभिनेता उत्तम कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 04:19 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 04:19 PM IST

कोलकाता, 24 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रख्यात बांग्ला अभिनेता उत्तम कुमार की 47वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को दक्षिण कोलकाता स्थित केवड़ातला श्मशान घाट पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया और सितंबर में उनकी जन्मशती के उपलक्ष्य में विभिन्न समारोहों के आयोजन सहित कई पहलों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने एक स्मारक पट्टिका का अनावरण किया और ‘महानायक’ के नाम से मशहूर उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि दी। कुमार का 1980 में इसी दिन 54 साल की उम्र में निधन हो गया था।

शुभेंदु ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार तीन सितंबर से चार दिनों तक उत्तम कुमार की जन्मशती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।

उन्होंने अभिनेता के नाम पर बने सभागार ‘उत्तम मंच’ के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण की घोषणा भी की। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार के फिल्म केंद्र ‘नंदन’ अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थल पर एक प्रमुख समारोह आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तम कुमार को समर्पित एक फिल्म केंद्र भी स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तम कुमार के परिवार के सदस्यों और बांग्ला फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श के बाद जन्मशती समारोह से जुड़े सभी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केवड़ातला महाश्मशान (जहां उत्तम कुमार का अंतिम संस्कार किया गया था) में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है, जबकि जन्मशती समारोह कहीं अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के सदस्यों का अभिवादन किया, साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य सरकार का निमंत्रण स्वीकार करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

शुभेंदु अभिनेता के भवानीपुर स्थित पैतृक आवास भी पहुंचे।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश