उप्र : गोरखपुर में कर्ज लौटाने के विवाद में जौहरी की हत्या, दो किशोर हिरासत में

Ads

उप्र : गोरखपुर में कर्ज लौटाने के विवाद में जौहरी की हत्या, दो किशोर हिरासत में

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 04:11 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 04:11 PM IST

गोरखपुर, 24 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 70 वर्षीय एक जौहरी की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय एक छात्र और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस का संदेह है कि कर्ज लौटाने को लेकर हुए विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बांसगांव क्षेत्र के धस्का भटास गांव निवासी तथा कटरा मलाव में आभूषण की दुकान चलाने वाले रामलाल वर्मा (70) बुधवार सुबह लापता हो गए थे। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने राप्ती नदी में उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश पुरी ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रिंस (19) रामलाल वर्मा को जानता था। आरोप है कि उसने मोटरसाइकिल खरीदने के लिए वर्मा से एक लाख रुपये उधार लिए थे।

उन्होंने बताया कि प्रिंस अक्सर वर्मा को उनकी दुकान तक छोड़ने और वहां से घर लाने का काम करता था, जिससे उसने परिवार का विश्वास भी जीत लिया था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह प्रिंस कथित तौर पर वर्मा को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर कनैल-कसिहार तटबंध के पास स्थित एक मंदिर की ओर ले गया।

अधिकारी ने बताया कि प्रिंस के साथ उसका चचेरा भाई अंशु (18) और अन्य साथी भी थे।

पुलिस का आरोप है कि वहां वर्मा पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी गर्दन पर कई गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उनका शव घसीटकर राप्ती नदी में फेंक दिया गया।

वर्मा के बड़े बेटे की शिकायत पर बेलीपार थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि वे वर्मा द्वारा बार-बार कर्ज लौटाने के लिए दबाव डालने से नाराज थे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मृतक के पास मौजूद आभूषणों के कथित रूप से गायब होने की भी जांच कर रही है। साथ ही, दिव्यांश पांडेय समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या की साजिश दिव्यांश ने रची थी।

भाषा

सं, जफर रवि कांत