बंगाल: हल्दिया में नेफ्था पाइपलाइन में लगी आग पर 18 घंटे बाद काबू पाया गया

Ads

बंगाल: हल्दिया में नेफ्था पाइपलाइन में लगी आग पर 18 घंटे बाद काबू पाया गया

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 12:42 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 12:42 PM IST

हल्दिया, एक जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में स्थित हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स परिसर में नेफ्था की एक पाइपलाइन में लगी भीषण आग पर लगभग 18 घंटे बाद काबू पा लिया गया हालांकि जगह को ठंडा करने का काम अब भी जारी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि तापमान बढ़ने से रोकने और पाइपलाइन के फटने की आशंका को टालने के लिए आसपास लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है।

मंगलवार तड़के लगी इस आग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “आग पर काबू पा लिया गया है। जगह को ठंडा करने का काम जारी है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं कि आग दोबारा न भड़के।”

जिलाधिकारी निरंजन कुमार, पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा और स्थानीय विधायक प्रदीप बिजली ने स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। इस घटना से प्रभावित परिवारों को राहत शिविर में ठहराया गया है।

पूर्व मेदिनीपुर जिला प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं और यह जांच हल्दिया के उप-मंडलाधिकारी (एसडीओ) की निगरानी में की जा रही है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हम सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं। आग लगने के सटीक कारण का पता लगाना अभी जल्दबाजी होगी। विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”

भाषा जितेंद्र वैभव

वैभव