बंगाल : पूर्व मंत्री बिस्वास के खिलाफ वकीलों ने किया प्रदर्शन

Ads

बंगाल : पूर्व मंत्री बिस्वास के खिलाफ वकीलों ने किया प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 08:44 PM IST

(तस्वीर के साथ)

कोलकाता(प.बंगाल), 18 जून (भाषा) दक्षिण कोलकाता के अलीपुर अदालत परिसर में बृहस्पतिवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब वकीलों और अदालत कर्मियों के समूह ने एक अधिवक्ता के चैंबर के बाहर उस समय विरोध प्रदर्शन किया जब राज्य के पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास कथित तौर पर पेशेवर परामर्श के लिए वहां मौजूद थे।

प्रदर्शनकारियों ने चैंबर को घेर लिया और मांग की कि बिस्वास बाहर आकर उनका सामना करें। कुछ लोगों ने अंडे ले रखे थे और तृणमूल कांग्रेस नेता के खिलाफ नारेबाजी की।

कुछ समय बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और चैंबर के दरवाज़े को ज़ोर-ज़ोर से पीटना शुरू कर दिया और कथित तौर पर खिड़की के शीशे भी तोड़ दिए। कई लोग ‘चोर-चोर’ चिल्ला रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान बिस्वास लगभग डेढ़ घंटे तक चैंबर के अंदर ही रहे। एक समय एहतियात के तौर पर चैंबर की बत्तियां बंद कर दी गईं।

पुलिस ने बाद में हस्तक्षेप किया और पूर्व मंत्री को परिसर से बाहर निकाला। उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच लोहे की जाली लगे पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाया गया।

कई प्रदर्शनकारी दिसंबर 2025 में सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुए विवादित फुटबॉल कार्यक्रम से से नाराज थे। उस कार्यक्रम में अर्जेंटीना के प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी शामिल हुए थे, लेकिन इस आयोजन की चर्चा कुप्रबंधन और हंगामे की वजह से हुई।

विरोध कर रहे एक वकील ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘हम आज उन्हें देखने आए हैं क्योंकि मेस्सी ने विश्वकप में हैट्रिक लगाई है।’’

एक और प्रदर्शनकारी ने दावा किया कि वह स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में शामिल तो हुआ था, लेकिन अपने पसंदीदा फ़ुटबॉल खिलाड़ी की एक झलक भी नहीं देख पाया। उसने आरोप लगाया कि मैदान पर नेताओं और वीआईपी की मौजूदगी की वजह से दर्शक मेसी को ठीक से नहीं देख पाए।

मेसी के कार्यक्रम के दौरान बिश्वास राज्य के खेल मंत्री थे। वह मैदान पर उन लोगों के साथ मौजूद थे, जिन्होंने मेसी के साथ तस्वीर खिंचवाने की कोशिश में कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन किया था।

हालांकि, वकीलों का एक गुट इस विरोध-प्रदर्शन से अलग रहा। उनकी दलील थी कि अदालत परिसर में ऐसा व्यवहार अनुचित है।

भाषा धीरज माधव

माधव