बंगाल : कालीघाट थाने के ओसी को ‘आपत्तिजनक’ व्हाट्सऐप स्टेटस के कारण निलंबित किया गया

Ads

बंगाल : कालीघाट थाने के ओसी को ‘आपत्तिजनक’ व्हाट्सऐप स्टेटस के कारण निलंबित किया गया

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 07:28 PM IST

कोलकाता, दो मई (भाषा) कालीघाट पुलिस थाना के प्रभारी अधिकारी गौतम दास को एक विवादित व्हाट्सऐप स्टेटस के कारण निलंबित कर दिया गया है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि दास की जगह चमेली मुखोपाध्याय को नियुक्त किया गया है। यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतगणना से दो दिन पहले हुआ है।

दास को निलंबित करने की कार्रवाई राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस द्वारा निर्वाचन आयोग में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई। तृणमूल ने आरोप लगाया गया कि दास ने सेवा नियमों का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया पर एक ‘आपत्तिजनक’ तस्वीर पोस्ट की है।

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष जॉयप्रकाश मजूमदार द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वर्दी में रहते हुए हथियार पकड़े हुए अधिकारी की एक तस्वीर साझा करने के बाद निर्वाचन आयोग से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की थी।

खबरों के मुताबिक, दास ने तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा था, ‘‘नई जिम्मेदारी के लिए तैयार।’’

मजूमदार ने इस पोस्ट को अनुचित बताते हुए कहा, ‘‘यह तस्वीर न केवल असहज करने वाली है बल्कि कानून की नजर में भी आपत्तिजनक है। इसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि वह किसी पर आधुनिक बंदूक ताने हुए है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि इस पोस्ट ने कोलकाता पुलिस के सोशल मीडिया दिशानिर्देशों के साथ-साथ केंद्र सरकार के निर्देशों का भी उल्लंघन किया है।

मजूमदार ने कहा, ‘‘ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिस अधिकारी को वर्दी में तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने की अनुमति नहीं है। धमकी भरे या भड़काऊ कैप्शन या तस्वीरें पोस्ट करना पूरी तरह से वर्जित है।’’

तृणमूल प्रदेश उपाध्यक्ष ने अपनी शिकायत में सवान किया कि क्या तस्वीर में दिख रही बंदूक आधिकारिक तौर पर अधिकारी को आवंटित की गई थी और क्या वह इसका इस्तेमाल करने के लिए अधिकृत या प्रशिक्षित है।

मजूमदार ने कहा, ‘‘इस तरह की पोस्ट को आम जनता के लिए खतरा माना जा सकता है।’’ उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई और जांच की मांग की।

तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि इस मुद्दे को उजागर करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंदा को पत्र भेजे गए थे।

निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के मतदान से पहले कालीघाट के कार्यवाहक प्रभारी अधिकारी का तबादला कर दिया था। दास ने करीब एक महीने पहले उत्पल घोष की जगह ली थी।

भाषा धीरज रंजन

रंजन

रंजन