बंगाल चुनाव: अज़हरुद्दीन ने बहरामपुर में कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी के लिए प्रचार किया

Ads

बंगाल चुनाव: अज़हरुद्दीन ने बहरामपुर में कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी के लिए प्रचार किया

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 02:51 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 02:51 PM IST

कोलकाता, 18 अप्रैल (भाषा) पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी के लिए प्रचार किया।

शहर में रोडशो से पहले, अजहरुद्दीन ने चौधरी के लंबे राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र से उनके जुड़ाव का हवाला देते हुए मतदाताओं से कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करने की अपील की।

सड़क के दोनों ओर लोग जमा हो गए और बालकनी और छतों पर खड़े लोगों ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

बहरामपुर से पांच बार सांसद रह चुके चौधरी अब 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जो लगभग तीन दशकों के बाद राज्य की चुनावी राजनीति में उनकी वापसी का प्रतीक है।

बहरामपुर निर्वाचन क्षेत्र में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जो पहले चरण का मतदान होगा। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को निर्धारित है और मतगणना 4 मई को होगी।

चौधरी 2024 के लोकसभा चुनाव में बहरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के यूसुफ पठान, जो कि एक पूर्व क्रिकेटर भी हैं, से हारने के बाद विधानसभा चुनाव मैदान में हैं।

अजहरुद्दीन की बहरामपुर यात्रा को चौधरी के चुनाव अभियान को गति देने के कांग्रेस के प्रयासों के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।

वर्ष 2024 के चुनाव में मिली हार के बावजूद, चौधरी मुर्शिदाबाद में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक हस्ती बने हुए हैं, क्योंकि उन्होंने 1999 से संसद में बहरामपुर सीट का प्रतिनिधित्व किया और इससे पहले केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

भाषा तान्या अमित

अमित