बीड(महाराष्ट्र), 18 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में मस्साजोग सरपंच पद के चुनाव से तीन उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद, पूर्व सरपंच संतोष देखमुख की पत्नी और पिछले चुनाव में महज नौ वोट से हारे प्रत्याशी के बीच अब सीधा मुकाबला होगा।
देशमुख की दिसंबर 2024 में हत्या कर दी गई थी।
एक अधिकारी ने बताया कि संजीवनी देशमुख, पंजाब देशमुख और करुणा देशमुख ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया, जो चुनाव से नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था। इसके बाद, संतोष देशमुख की पत्नी अश्विनी और स्वरूपानंद देशमुख ही मैदान में बचे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले (2017 के) चुनाव में स्वरूपानंद देशमुख, संतोष देशमुख से सिर्फ नौ वोट से हार गए थे।
चुनाव 28 अप्रैल को होना है और परिणाम इसके अगले दिन घोषित किए जाएंगे।
संतोष देशमुख की दिसंबर 2024 में हत्या कर दी गई थी, क्योंकि उन्होंने क्षेत्र में एक पवनचक्की परियोजना का संचालन कर रही नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली के प्रयास का विरोध किया था।
उन्हें दी गई यातना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद व्यापक स्तर पर रोष जताये जाने पर, पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें मुख्य आरोपी वाल्मीक कराड भी शामिल है। कराड, राकांपा विधायक धनंजय मुंडे का करीबी सहयोगी है। मुंडे को विपक्ष के दबाव के कारण मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप