बंगाल चुनाव मतदान तृणमूल कांग्रेस के जीत की स्थिति में होने का संकेत : ममता
बंगाल चुनाव मतदान तृणमूल कांग्रेस के जीत की स्थिति में होने का संकेत : ममता
(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, 23 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अब तक हुए मतदान से संकेत मिलता है कि तृणमूल कांग्रेस अभी से ही जीत की स्थिति में है।
कोलकाता के बो बाजार इलाके में आयोजित रैली में ममता ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वह सभी विपक्षी दलों को साथ लेकर दिल्ली (केंद्र की सत्ता) पर विजय हासिल करेंगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 152 सीट पर मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, शाम पांच बजे तक राज्य में 89.93 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण के तहत 142 सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। वोटों की गिनती चार मई को की जाएगी।
ममता ने कहा, “मैं लोगों के मन को जितना समझ पाई हूं और अभी तक हुए मतदान के आधार पर मैं यह कह सकती हूं कि हम अभी से ही जीत की स्थिति में हैं।”
उन्होंने कहा, “मुझे किसी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुझे कुर्सी नहीं चाहिए। मैं सिर्फ दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का अंत चाहती हूं।”
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कृष्णानगर में आयोजित एक रैली में पश्चिम बंगाल के लोगों को पहले चरण के चुनाव में भारी मतदान के लिए बधाई दी और इसे “बदलाव के लिए एक जबरदस्त जनादेश” करार दिया।
हालांकि, ममता ने दावा किया कि मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में नामों को हटाए जाने के विरोध में लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान किया।
तृणमूल सुप्रीमो ने दोहराया कि उनके प्रयासों के कारण मतदाता सूची में 32 लाख नाम फिर से शामिल किए गए।
उन्होंने कहा, “मतदान के दिन आप (प्रधानमंत्री) कह रहे हैं कि आप जीतेंगे; क्या आप ऐसा कह सकते हैं? भाजपा इतनी नादान कैसे हो सकती है?”
मोदी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कि भाजपा की बंगाल इकाई चार मई को मतगणना पूरी होने के बाद विजयोत्सव मनाएगी और पार्टी लोगों में न केवल मिठाई, बल्कि झालमुरी भी बांटेगी, ममता ने कहा, “मैं आपको भेलपुरी भेजूंगी, यह दिल्ली में उपलब्ध है।”
प्रधानमंत्री पिछले हफ्ते झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान अचानक एक दुकान पर रुके थे और झालमुड़ी खरीदी थी।
मोदी ने कृष्णानगर में आयोजित रैली में कहा, “मैंने सुना है कि झालमुड़ी ने भी कुछ लोगों को करारा झटका दिया है। मैंने झालमुड़ी खाई थी, लेकिन ऐसा लगता है कि तृणमूल नेताओं को मिर्ची लग रही है।”
प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता ने कहा, “हमें झालमुड़ी के तीखेपन की आदत है।”
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


