बंगाल चुनाव: कोलकाता के एक पुलिस थाने को दो दिनों के भीतर मिला दूसरा ओसी

Ads

बंगाल चुनाव: कोलकाता के एक पुलिस थाने को दो दिनों के भीतर मिला दूसरा ओसी

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 05:51 PM IST

कोलकाता, तीन मई (भाषा) कोलकाता पुलिस ने रविवार को अपने भांगर डिवीजन के एक अधिकारी को कालीघाट पुलिस थाने का प्रभारी अधिकारी (ओसी) नियुक्त किया है, जो चमेली मुखोपाध्याय की जगह लेंगे।

मुखोपाध्याय ने केवल एक दिन पहले ही गौतम दास की जगह ली थी, जिन्हें उनके विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट के लिए निलंबित किया गया था।

मतों की गिनती से पहले, कड़े मुकाबले वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के संदर्भ में यह मामला राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो गया है, खासकर इसलिए क्योंकि कालीघाट पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गढ़ है।

कोलकाता पुलिस प्रमुख अजय नंदा द्वारा हस्ताक्षरित आदेश के अनुसार, भांगर डिवीजन के अंतर्गत पोलरहाट पुलिस थाने के अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी, बलाई बाग को कालीघाट पुलिस थाने का नया प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है और उन्हें तत्काल कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है।

आदेश के अनुसार चमेली मुखोपाध्याय का तबादला तत्काल प्रभाव से कोलकाता पुलिस के पूर्वी उपनगरीय प्रभाग के अंतर्गत आने वाले उल्टाडांगा महिला पुलिस थाने में कर दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि कालीघाट पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी गौतम दास के निलंबित होने के बाद, उन्हें दो मई को प्रतिनियुक्ति पर स्टेशन की प्रभारी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था।

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद दास को निलंबित कर दिया गया था। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया गया था कि अधिकारी ने सेवा नियमों का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए अपनी एक ‘आपत्तिजनक’ तस्वीर पोस्ट की थी।

भाषा शोभना रंजन

रंजन