बंगाल एसटीएफ ने संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक सहित दो लोगों को किया गिरफ्तार

Ads

बंगाल एसटीएफ ने संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक सहित दो लोगों को किया गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 01:56 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 01:56 PM IST

कोलकाता, 12 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बुधवार को भारत-बांग्लादेश सीमा के पास से दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक के पाकिस्तानी नागरिक होने का संदेह है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान के फैसलाबाद निवासी राणा रऊफ उर्फ वहाब आलम को उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने बनगांव इलाके में तलाश अभियान चलाया और रऊफ को गिरफ्तार कर लिया।

जांचकर्ताओं के अनुसार, रऊफ के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध हो सकते हैं। वे भारत में रऊफ की गतिविधियों, संपर्कों और आवाजाही की जांच कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात टोपसिया से एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जिसका कथित तौर पर रऊफ के साथ संबंध है। उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, उसने रऊफ की कई तरह से मदद की थी।

जांचकर्ताओं के अनुसार, रऊफ 2012 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘भारत में प्रवेश करने और बाद में पश्चिम बंगाल में बसने से पहले वह कुछ समय तक नेपाल में रहा था।’’

अधिकारियों के अनुसार, रऊफ देश में विभिन्न ट्रेनों और सशस्त्र बलों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।

एसटीएफ के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम यह पता लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं कि वह किस तरह की जानकारी जुटा रहा था और क्या वह जानकारी देश के बाहर किसी को भेजी जा रही थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘टोपसिया से गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है ताकि रऊफ के साथ उसके संबंधों की गहराई का पता लगाने के साथ ही इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का भी पता लगाया जा सके।’’

भाषा प्रचेता सुभाष

सुभाष