बदायूं (उप्र), 12 अगस्त (भाषा) बदायूं के अलापुर क्षेत्र में चिकित्सक की कार की टक्कर से एक गाय के मारे जाने के बाद नाराज लोगों ने डॉक्टर से मारपीट की और उनकी कार में तोड़फोड़ की। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
उसने बताया कि अलापुर थाना क्षेत्र की म्याऊं पुलिस चौकी के पास स्थित बिचपुरी गांव में बदायूं के उसावां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक राहुल सिद्धार्थ मंगलवार शाम कार से बदायूं लौट रहे थे तभी उनकी कार से एक गाय टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि बाद में उपचार के दौरान गाय ने दम तोड़ दिया।
उसने बताया कि गाय के मारे जाने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। मौके पर जुटी भीड़ ने चिकित्सक से धक्का-मुक्की और मारपीट की।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ लोग चिकित्सक से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं और पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद नजर आ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने चिकित्सक के नशे में होने का आरोप भी लगाया, लेकिन चिकित्सकीय जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सिंह ने बताया कि चिकित्सक का मंगलवार को चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया था, जिसके बाद वह मुरादाबाद चले गए।
उन्होंने बताया कि चिकित्सक की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम खारी
खारी