कोलकाता, नौ अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने रविवार को राज्य के विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध संस्थानों से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने का आह्वान किया।
उन्होंने लोगों, खासकर युवाओं से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने की अपील भी की।
लोक भवन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, रवि ने राज्य के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों, उनसे संबद्ध महाविद्यालयों तथा संस्थानों से अगले शुक्रवार को विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को एकत्रित कर ‘‘विभाजन की विभीषिका और बंगाल पर उसके प्रभाव को याद करने’’ को कहा।
बयान में बताया गया कि देश के विभाजन के कारण जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए पिछले कुछ वर्षों से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।
बयान के मुताबिक, बंगाल ने विभाजन की भयावह त्रासदियों झेली थी। लाखों लोगों को विस्थापन, जान-माल और आजीविका के नुकसान के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक व आर्थिक उथल-पुथल का सामना करना पड़ा था।
बयान में बताया गया कि इस आयोजन से युवा पीढ़ी को विभाजन का दंश झेलने वाले लोगों की पीड़ा और उन परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी, जिनके कारण विभाजन हुआ।
बयान के मुताबिक, साथ ही, यह समाज को बांटने की कोशिश करने वाली ताकतों के प्रति सतर्क रहने का संदेश भी देगा।
रवि ने एक अन्य अपील में राज्य के लोगों, खासकर युवाओं से अपने घरों और कार्यस्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।
भाषा जितेंद्र धीरज
धीरज