बेंगलुरु, 12 जून (भाषा) अपनी पांच वर्षीय बेटी की कथित हत्या की घटना को लेकर मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने 39 वर्षीय महिला अधिवक्ता और उसके सहजीवन सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी महिला प्रियंका को बृहस्पतिवार को सकलेशपुर से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले उसके सहजीवन साथी मोहन जी को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिसे इस मामले में मुख्य आरोपी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 25 मार्च को सामने आया था, जब बच्ची वेंनेला का शव मिला था। चार जून को कडुगोडी पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान प्रियंका बेंगलुरु से फरार हो गई थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले मैसूर और बाद में सकलेशपुर चली गई थी।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में मोहन ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने बच्ची को कार के अंदर पीटा और गला घोंटकर हत्या की थी। प्रियंका से पूछताछ की जा रही है कि घटना के समय उसकी भूमिका क्या थी और क्या वह किसी साजिश में शामिल थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह भी जांच की जा रही है कि क्या बच्ची के रंग-रूप को लेकर कथित असंतोष इस हत्या का संभावित कारण था।
शिकायतकर्ता और बच्ची के पिता ने आरोप लगाया है कि प्रियंका ने घटना को लेकर अलग-अलग और विरोधाभासी बयान दिए, जिससे संदेह गहरा हुआ।
पुलिस के अनुसार, आगे की जांच जारी है।
भाषा
मनीषा
मनीषा