बेनीवाल ने राजस्थान भाजपा अध्यक्ष को कानूनी नोटिस भेजा: आरएलपी नेता
बेनीवाल ने राजस्थान भाजपा अध्यक्ष को कानूनी नोटिस भेजा: आरएलपी नेता
जयपुर, दो जून (भाषा) राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख और नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ को उनके कथित बयान के लिए कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें बेनीवाल के सामाजिक बहिष्कार की बात कही गई थी। आरएलपी के एक नेता ने यह जानकारी दी।
नोटिस के अनुसार, राठौड़ ने 30 मई को एक जनसभा और मीडिया से बातचीत के दौरान कथित रूप से कहा था कि बेनीवाल का सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए।
नोटिस में कहा गया है कि यह बयान मानहानिकारक है और एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को सामाजिक रूप से अलग-थलग करने का प्रयास है।
पार्टी नेता ने कहा, “इस बयान से बेनीवाल की राजनीतिक व सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है और यह लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संवैधानिक सिद्धांतों के विपरीत है। इसलिए अधिवक्ता के माध्यम से यह कानूनी नोटिस भेजा गया है।”
नोटिस में दावा किया गया है कि सामाजिक बहिष्कार के आह्वान से जनप्रतिनिधि के खिलाफ शत्रुता और डराने-धमकाने का माहौल बन सकता है।
बेनीवाल के वकील ने इस विवाद के बाद सांसद की सुरक्षा में कथित कटौती का भी हवाला दिया और कहा कि इससे उनके खिलाफ शत्रुतापूर्ण माहौल बनने की आशंका उत्पन्न हुई है।
31 मई को जारी नोटिस में राठौड़ से कहा गया है कि वह भविष्य में ऐसे बयान देने से परहेज करें और बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिन में ऐसा नहीं किया गया तो बेनीवाल मानहानि का मुकदमा और हर्जाने का दावा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि बेनीवाल ने पिछले सप्ताह जयपुर के पास विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ‘मूर्खाधिराज’ कहा था, जिस पर भाजपा नेताओं, खासकर मदन राठौड़ ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
राठौड़ ने बेनीवाल की टिप्पणी की निंदा करते हुए कथित रूप से कहा था कि ऐसे नेताओं का सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए।
भाषा बाकोलिया राजकुमार जोहेब
जोहेब

Facebook


