भुवनेश्वर, 16 जून (भाषा) जिले में तेज रफ्तार से जा रही एक कार ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद सड़क के किनारे चाय की दुकान पर चाय पी रहे लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह हादसा सोमवार रात शहर में आचार्य विहार से नाल्को चौक को जोड़ने वाली सड़क पर, मैत्री विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत गजपति नगर इलाके में हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार (ईवी) ने पहले सड़क पर कई दोपहिया वाहनों और एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी, जिसके बाद वह सड़क किनारे एक चाय की दुकान के पास चाय पी रहे लोगों के समूह में जा घुसी।
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल जेरोम एक्का और संतोष बेहरा की सोमवार रात ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल लक्ष्मीधर टुडू ने मंगलवार सुबह अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा तीन अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बीच, पुलिस ने वाहन चालक की पहचान गंजाम जिले के गंगापुर क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय अनिल कुमार गौड़ा के रूप में की है। वह पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुका है।
पुलिस ने बताया, ‘चालक की ‘ब्रेथ एनालाइजर’ जांच में नशे की मात्रा शून्य पाई गई, जिससे यह संकेत मिलता है कि जांच के समय वह शराब के नशे में नहीं था।’
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी चालक ने दावा किया कि दुर्घटना से पहले उसने खांसी की दवा ली थी और उसे तेज खांसी आ रही थी।
उसके बयान के अनुसार, अचानक खांसी का दौरा पड़ने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के वास्तविक कारण और उससे जुड़ी परिस्थितियों का पता जांच पूरी होने तथा उपलब्ध सभी साक्ष्यों की जांच के बाद ही चल सकेगा।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा