झारखंड: पुलिस पर ‘प्रताड़ना’ का आरोप लगाकर युवक ने की आत्महत्या, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

झारखंड: पुलिस पर ‘प्रताड़ना’ का आरोप लगाकर युवक ने की आत्महत्या, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 12:35 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 12:35 PM IST

रांची, 16 जून (भाषा) झारखंड के रांची जिले में एक व्यक्ति द्वारा कथित पुलिस प्रताड़ना के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जिनमें एक थाना प्रभारी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया, क्योंकि 44 वर्षीय प्रधान यादव, जो धुर्वा थाना क्षेत्र के डीटी खटाल इलाके के निवासी थे, ने अपने पांच पन्नों के सुसाइड नोट में पुलिस अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने सोमवार को आत्महत्या कर ली थी। बताया गया कि उसने पांच जून को थाने में अपने पड़ोसियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप में कहा गया कि जांच अधिकारी (आईओ) लाल मोहन पांडे और उनके सहयोगी जितेंद्र टुडू उस पर दबाव बना रहे थे कि वह मामले को “सुलझा ले” और अपने पड़ोसी जितेंद्र यादव व अन्य के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय समझौता कर ले।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने कहा कि धुर्वा थाना प्रभारी अरुण कुमार महथा, लाल मोहन पांडे और जितेंद्र टुडू को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए हटिया के डीएसपी के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की गई है और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हटिया के डीएसपी नीरज कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सुसाइड नोट में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधिकारियों ने उसकी शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसके और उसके परिवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

उन्होंने बताया कि सोमवार को पीड़ित की पत्नी सविता देवी के बयान के आधार पर 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और सभी आरोपी फरार हैं, लेकिन उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

डीएसपी ने बताया कि इस मामले में जितेंद्र यादव मुख्य आरोपी है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा