मुजफ्फरपुर, आठ जुलाई (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के चार दिन बाद पुलिस ने बुधवार को उसके पति को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो दरभंगा के जाले प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद पर तैनात है।
पुलिस ने बताया कि कुमार के खिलाफ दहेज हत्या और क्रूरता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान कुमार ने दावा किया कि उनकी पत्नी ने कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।
मनोज कुमार की पत्नी अमृता तीन जुलाई को मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित उनके आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं।
मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) मोहिबुल्लाह अंसारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘घटना के तुरंत बाद मृतका के परिजनों ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विवाह के बाद से मनोज कुमार और उनके परिवार के सदस्य 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर अमृता को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।’’
उन्होंने बताया कि घटना के बाद कुमार फरार हो गए थे और उनका मोबाइल फोन भी बंद था। उन्हें मंगलवार शाम मुजफ्फरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी के कथित विवाहेतर संबंध के पहलू की भी जांच कर रही है।
अंसारी ने कहा, ‘‘आरोपी का मोबाइल फोन और घटनास्थल से जुटाए गए सभी साक्ष्य फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारण और परिस्थितियों का पता चल सकेगा।’’
भाषा कैलाश मनीषा
मनीषा